कोरिया। जिले में अब गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। अप्रैल की शुरुआत के साथ ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है और अब सुबह 10 बजे से ही तेज गर्मी का अहसास होने लगा है। हालात ऐसे हैं कि रात के समय भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जबकि 11 अप्रैल को पारा और चढ़कर 41 डिग्री पर पहुंच सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
हालांकि, राहत की खबर भी है। 12 अप्रैल से तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 14 अप्रैल को जिले में बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी। इस दिन अधिकतम तापमान घटकर 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव के चलते स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी लोगों को गर्मी से बचाव की सलाह दे रहे हैं। खासकर दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पानी अधिक पीने और हल्के कपड़े पहनने की हिदायत दी जा रही है।