मनेन्द्रगढ़ शहर के विकास का रामबाण सिर्फ ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार - डॉ. रश्मि सोनकर

Chandrakant Pargir

 


मनेन्द्रगढ़। 10 जनवरी। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका के चुनाव भी होने वाले हैं। मनेन्द्रगढ़ में भाजपा की "ट्रिपल इंजन सरकार" (केंद्र, राज्य, और नगर पालिका में भाजपा) को विकास का मुख्य आधार मानते हुए, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सोशल मीडिया सदस्य डॉ. रश्मि सोनकर ने कहा कि शहर का चौमुखी विकास तभी संभव है जब यहां भाजपा की सरकार बने।


डॉ. सोनकर ने कहा, "केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने सभी वर्गों के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। अब समय आ गया है कि मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका में भी भाजपा की सरकार बने। इससे विकास कार्यों को तेजी मिलेगी और शहर को नई दिशा मिलेगी।"


उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में नगर पालिका में भाजपा की सरकार न होने के कारण विकास कार्य ठप पड़े हैं। सड़कों, नालियों और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की हालत खराब है। हर बार बरसात में सड़कों की गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ जाती है। नगर में कचरा निस्तारण और कर्मचारियों के समय पर वेतन जैसी समस्याएं भी जस की तस बनी हुई हैं।


डॉ. रश्मि ने भाजपा सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, "महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान जैसी योजनाओं ने लोगों को राहत दी है। किसानों को धान का सर्वाधिक समर्थन मूल्य और बोनस देने का वादा निभाया गया है। यही वजह है कि भाजपा के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है।"


डॉ. सोनकर ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए नगर पालिका की तैयारी हर बार फिसड्डी साबित हुई है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार नगर पालिका चुनाव में भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाएं।


इस बार मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका चुनाव में सभी प्रत्याशी महिलाएं होंगी, जिससे चुनाव और भी खास हो गया है। डॉ. सोनकर ने विश्वास जताया कि जनता भाजपा को चुनकर शहर के विकास को नई दिशा देगी।




#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!