एमसीबी/केल्हारी। मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ सीमा से लगे पसौरी गांव में रेत उत्खनन को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। बरने नदी के डूमरघाट क्षेत्र में 3 मार्च की सुबह रेत लेने गए युवक सोनू चक्रधारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में दर्ज एफआईआर में मध्यप्रदेश के दरसिला चौकी से जुड़े दो पुलिसकर्मियों और एक अन्य व्यक्ति पर मारपीट, गाली-गलौज और अवैध वसूली की मांग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार मृतक अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर से रेत लेने गया था। आरोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने रेत ले जाने पर आपत्ति जताई और विवाद के दौरान मारपीट की। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि युवक को डंडे और बेलचे से चोट पहुंचाई गई, जिसके बाद वह ट्रैक्टर से गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट आई। साथियों ने उसे तत्काल केल्हारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एफआईआर में राजू प्रजापति, नितिन शुक्ला तथा मधु जायसवाल के नाम का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्य सामने आने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

