कटगोड़ी प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में छात्र ने लगाई फांसी, एक दिन से था गुमसुम, जांच में जुटा प्रशासन

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर/सोनहत (कोरिया)। कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र स्थित कटगोड़ी प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में शुक्रवार रात एक 11वीं कक्षा के छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से छात्रावास में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र सोनहत विकासखंड के ग्राम बसेर का निवासी था और कटगोड़ी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। छात्रावास के अन्य छात्रों के अनुसार वह पिछले एक दिन से काफी गुमसुम और शांत नजर आ रहा था। शुक्रवार रात वह अपने कमरे में चला गया, जहां उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।



घटना की जानकारी मिलते ही सोनहत एसडीएम, तहसीलदार संजय सिंह राठौर, थाना प्रभारी विनोद पासवान के साथ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रावास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वहां मौजूद छात्रों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।



प्रशासन द्वारा छात्रावास परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा सके। वहीं पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं तथा छात्र के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। घटना के बाद छात्रावास में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!