बैकुंठपुर/मनेन्द्रगढ़। अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 नग चिरान लकड़ी से लदे एक वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई बुधवार 11 मार्च 2026 को गश्ती के दौरान की गई।
जानकारी के अनुसार वनमंडल कोरिया और वनमंडल मनेन्द्रगढ़ के स्टॉफ द्वारा नियमित गश्ती के दौरान ग्राम पंचायत बसेर (Baser) क्षेत्र में एक संदिग्ध वाहन को रोका गया। जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG-04-HB-7281 में अवैध रूप से 18 नग चिरान लकड़ी लदी हुई पाई गई।
वन विभाग की टीम ने मौके पर ही वाहन को अपने कब्जे में लेकर जप्ती की कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में लकड़ी के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते वाहन सहित लकड़ी को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध कटाई और लकड़ी के परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत राजसात की कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए अवैध कटाई या लकड़ी परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें।

