ड्रोन कैमरे से आबकारी उड़नदस्ता की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में महुआ शराब व लाहन जब्त

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर (कोरिया)। जिले के गदबदी-फाटपानी जंगल में अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने हाईटेक तरीके से छापेमार कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में महुआ शराब और महुआ लाहन जब्त किया गया, जबकि कई आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि लंबे समय से कोरिया जिले के लोगों द्वारा सूचना मिल रही थी कि फाटपानी-गदबदी के जंगल में कुछ लोग बड़े पैमाने पर महुआ शराब बनाकर पूरे जिले में सप्लाई कर रहे हैं। जंगल क्षेत्र होने के कारण आरोपी अक्सर एक दिशा से टीम के पहुंचने पर दूसरी दिशा से फरार हो जाते थे। इसे देखते हुए इस बार कार्रवाई से पहले ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई और चिन्हित स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई।



कार्रवाई के दौरान कोरिया जिले के मुख्य सप्लायर नीलकमल सिंह उर्फ नीलू सिंह और उसके साथी संतोष बरगाह को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी फाटपानी-गदबदी क्षेत्र के निवासी हैं और अपने घर के नीचे जंगल में नाले के पास बड़े पैमाने पर महुआ शराब का निर्माण कर उसकी सप्लाई करते थे।

आबकारी टीम ने नीलकमल सिंह के कब्जे से 55 लीटर महुआ शराब और 3500 किलोग्राम महुआ लाहन तथा संतोष बरगाह के पास से 25 लीटर महुआ शराब जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय बैकुंठपुर में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि जंगल क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान अक्सर आरोपी भाग निकलते हैं, इसलिए इस बार विशेष योजना बनाकर ड्रोन कैमरे की सहायता से पूरी कार्रवाई की गई, जिससे माल के साथ आरोपियों को भी पकड़ने में सफलता मिली।

यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक कुमारू राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!