बैकुंठपुर (कोरिया ) बैकुंठपुर नगर पालिका की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हाथ से कचरा खींचने वाले रिक्शा चलाने वाली महिलाओं (दीदियों) को इन दिनों काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका में कुल 17 हाथ से खींचे जाने वाले कचरा रिक्शे बताए जाते हैं, लेकिन उनमें से मुश्किल से एक-दो ही ठीक हालत में हैं। अधिकांश रिक्शों की अंदर की लोहे की चादर गल जाने से कचरा रास्ते में गिरता रहता है, जिससे सफाई के बजाय गंदगी और फैल रही है।
महिला कर्मचारियों का कहना है कि रिक्शों की खराब स्थिति की जानकारी कई बार अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। वहीं नगर पालिका में पुरुष प्लेसमेंट कर्मचारियों की संख्या लगभग 105 बताई जा रही है, जबकि महिलाओं की संख्या करीब 50 है। इसके बावजूद शहर में ज्यादातर सफाई कार्य महिलाओं द्वारा ही किए जाते नजर आते हैं, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि बड़ी संख्या में तैनात पुरुष कर्मचारी आखिर किन कार्यों में लगे हैं।
इधर कचहरी पारा सहित शहर के कई इलाकों में गंदगी पसरी हुई है और नियमित सफाई का अभाव साफ दिखाई देता है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, खराब रिक्शों की मरम्मत कराने तथा कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।


