बैकुंठपुर (कोरिया)। 03 फरवरी 2026। भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर किए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आज ग्राम छिंदडांड में विशाल आमसभा का आयोजन किया गया। आमसभा के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं श्रमिकों ने हजारों की संख्या में एकजुट होकर जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया तथा महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार मनरेगा के मूल अधिकार आधारित स्वरूप को समाप्त करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। मनरेगा, जो ग्रामीण गरीबों को रोजगार की संवैधानिक गारंटी देता था, उसे अब सीमित प्रशासनिक योजना में बदल दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में न तो समय पर काम मिल रहा है और न ही मजदूरी की गारंटी है। मजदूरी भुगतान में लगातार देरी हो रही है तथा महंगाई के अनुपात में मजदूरी दर बेहद कम है।
कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा श्रमिकों के लिए न्यूनतम ₹400 प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही पंचायतों और ग्राम सभाओं के अधिकारों में की जा रही कटौती को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि ठेकेदारी व्यवस्था को बढ़ावा देकर स्थानीय श्रमिकों का शोषण किया जा रहा है तथा राज्यों पर आर्थिक बोझ डालकर रोजगार सृजन को सीमित किया जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन भाजपा की केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है और जब तक मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में पुनः बहाल नहीं किया जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति:
जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव, पूर्व जिलाध्यक्ष नजीर अजहर, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, वरिष्ठ नेता यवत सिंह, प्रदेश संयुक्त महामंत्री वेदांती तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, जिला प्रभारी अनुपम फिलिप, बंस गोपाल, मुख्तार अहमद, हेमसागर यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी राजवाड़े, आशीष यादव, सुरेश सिंह, अजीत लकड़ा, आशीष डवरे लालमुनि यादव, अन्नपूर्णा सिंह, संजोती मरकाम, चांदनी सोनी, संगीता राजवाड़े, वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र सिंह, विकास श्रीवास्तव, दीपक गुप्ता, रियाजुद्दीन सहित काफी संख्या में ग्रामीणजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





