बैकुंठपुर के समग्र विकास को लेकर चेम्बर का मुख्यमंत्री को ज्ञापन, औद्योगिक-नगरीय सुविधाओं की मांग तेज

Chandrakant Pargir

 


कोरिया जिले के मुख्यालय बैकुंठपुर के विकास को लेकर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं की शीघ्र स्वीकृति की मांग की है। चेम्बर पदाधिकारियों का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा और कोयला भंडार से समृद्ध होने के बावजूद क्षेत्र अपेक्षित औद्योगिक, नगरीय व आधारभूत सुविधाओं से अब भी वंचित है, जिससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि कोयला उत्पादन से वर्षों से सरकार को बड़ा राजस्व प्राप्त हो रहा है और जिले का देश की ऊर्जा जरूरतों में महत्वपूर्ण योगदान है, लेकिन इसके अनुपात में क्षेत्रीय विकास नहीं हो सका। चेम्बर ने बैकुंठपुर में उद्योग स्थापना और होलसेल कॉरिडोर विकसित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए सर्वसुविधायुक्त आधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण की आवश्यकता भी जताई गई है।

युवाओं को खेलकूद के बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से तरणताल (स्विमिंग पूल) सहित इनडोर खेल परिसर की स्थापना की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से ग्राम फूलपुर होते हुए ओडगी-बैकुंठपुर मार्ग के पुनर्विकास तथा झुमका बांध डूबान क्षेत्र में उच्चस्तरीय पुल निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिससे कई गांवों की जिला मुख्यालय से सीधी कनेक्टिविटी बहाल हो सके।

चेम्बर ने शहर के सौंदर्यीकरण पर भी जोर देते हुए सड़कों के उन्नयन, पार्क, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज, हरियाली और आकर्षक प्रवेश द्वार निर्माण की मांग की है, ताकि बैकुंठपुर को आधुनिक नगरीय स्वरूप दिया जा सके। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु चेम्बर के लिए भवन या भूमि आवंटन की आवश्यकता भी बताई गई।

चेम्बर पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इन प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेकर कोरिया जिले के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और नगरीय सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव को रायपुर तथा जिला प्रशासन को अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!