मुख्यमंत्री दौरे और कोरिया महोत्सव के बाद अधिकारियों का ‘आराम’, कई दफ्तरों में कामकाज ठप्प, पुलिस विभाग सामान्य रूप से कार्यरत

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। मुख्यमंत्री के हालिया दौरे और कोरिया महोत्सव के आयोजन के बाद शुक्रवार को जिले के कई शासकीय कार्यालयों में कामकाज लगभग ठप नजर आया। जनपद पंचायत बैकुंठपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी अपने कार्यस्थल पर अनुपस्थित मिले। कार्यालयों से जानकारी दी गई कि संबंधित अधिकारी अब सोमवार को उपलब्ध होंगे।


दरअसल, यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब प्रशासनिक अमला नियमित कार्यों से दूर रहा। 11 फरवरी से ही मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और महोत्सव की तैयारियों में जिलेभर के अधिकारी-कर्मचारी जुटे रहे। 16 और 17 फरवरी को मुख्यमंत्री का दौरा सम्पन्न हुआ, जिसके बाद 18 और 19 फरवरी तक कोरिया महोत्सव आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों के चलते पहले ही सामान्य शासकीय कार्य प्रभावित रहे।


महोत्सव के समापन के अगले दिन शुक्रवार को कई कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति काफी कम देखी गई। कुछ अधिकारियों ने हाईकोर्ट में पेशी, कुछ ने अस्वस्थता तो कुछ ने आवश्यक निजी कार्य का हवाला दिया। वहीं, बाहर से आना-जाना करने वाले कुछ अधिकारी महोत्सव समाप्त होते ही अपने गृह नगर रवाना हो गए।


जिले में यह भी चर्चा है कि कुछ अधिकारी शुक्रवार को नियमित रूप से मुख्यालय छोड़ देते हैं और सीधे मंगलवार की टीएल बैठक में ही दिखाई देते हैं। अब उम्मीद की जा रही है कि मंगलवार से प्रशासनिक कार्यों की रफ्तार सामान्य हो पाएगी।


पुलिस विभाग रहा सक्रिय

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सबसे अधिक सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुलिस विभाग के अधिकारी शुक्रवार को भी अपने दफ्तरों में कार्य करते हुए नजर आए। अन्य विभागों की तुलना में पुलिस महकमे की उपस्थिति सामान्य रही।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!