बैकुंठपुर। नगर पालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव (लल्ला) ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय तीरथ गुप्ता के नाम पर बने कॉम्प्लेक्स के बोर्ड को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय तीरथ गुप्ता, जिन्हें शहर में “विकास पुरुष” के रूप में जाना जाता है, ने बैकुंठपुर के विकास को नई दिशा दी थी। परिषद द्वारा उनके सम्मान में कॉम्प्लेक्स का नामकरण भी किया गया और बोर्ड लगाया गया था, लेकिन विडंबना यह रही कि वह बोर्ड पिछले लगभग एक वर्ष से टूटी और जर्जर हालत में पड़ा था।
आशीष यादव ने आरोप लगाया कि “ट्रिपल इंजन” सरकार के दौरान न तो किसी बीजेपी नेता और न ही जनप्रतिनिधि की नजर इस ओर गई। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश के मुखिया के बैकुंठपुर प्रवास के दौरान शहर के चौक-चौराहों पर सजावट और सौंदर्यीकरण किया गया, लेकिन स्वर्गीय तीरथ गुप्ता के नाम वाले बोर्ड की सुध नहीं ली गई।
उपाध्यक्ष ने बताया कि उनके और पार्षदों के प्रयास से अब उक्त बोर्ड को पुनः बनवाया गया है। उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ एक बोर्ड का निर्माण नहीं है, बल्कि दिखावटी सम्मान की राजनीति को उजागर करने का प्रयास है। मंच से ‘विकास पुरुष’ कहकर तालियां बटोरने से सम्मान नहीं मिलता, बल्कि जिम्मेदारी निभाने से मिलता है।”


