कोरिया। जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय आयोजनों में लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं। बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद में आयोजित मुख्य समारोह में बड़ी चूक होने से अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से भी लापरवाही की खबरें सामने आ रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद में ध्वजारोहण के तुरंत बाद राष्ट्रगान या राष्ट्रीय गीत के स्थान पर ए.आर. रहमान द्वारा गाया गया वंदेमातरम् गीत बजा दिया गया। उपस्थित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी उसी गीत पर सावधान मुद्रा में खड़े रहे। गाने के आधे हिस्से के बाद अध्यक्ष के हस्तक्षेप से गीत बंद कराया गया, लेकिन इसके बाद न तो राष्ट्रगान और न ही राष्ट्रीय गीत का गायन कराया गया। इस तरह बिना निर्धारित प्रोटोकॉल के जैसे-तैसे गणतंत्र दिवस समारोह का समापन कर दिया गया।
इस घटना को लेकर नगर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा और कई लोगों ने इसे राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के विरुद्ध बताया।
इधर, जिले के ग्रामीण अंचल से भी लापरवाही के मामले सामने आए हैं। ग्राम पंचायत भांडी के साहूपारा में गणतंत्र दिवस के दिन झंडा ही नहीं फहराया गया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह की उदासीनता अस्वीकार्य है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि जिले के अन्य हिस्सों से भी गणतंत्र दिवस आयोजन में अनियमितताओं की सूचनाएं धीरे-धीरे सामने आ रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या राष्ट्रीय पर्व जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी प्रशासनिक निगरानी और जिम्मेदारी कमजोर पड़ती जा रही है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इन मामलों को कितनी गंभीरता से लेता है और लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।



