मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणा, राज्य कर्मचारियों को मिलेगा केंद्र के समान महंगाई भत्ता

Chandrakant Pargir

 


रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन में शामिल होकर राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (डीए) दिया जाएगा। इसके तहत राज्य कर्मचारियों का डीए 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दिया गया है। इस घोषणा से प्रदेश के लाखों अधिकारी-कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश के कई राज्य अभी भी केंद्र के महंगाई भत्ते से पीछे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने यह निर्णय लिया है कि राज्य कर्मचारियों को केंद्र के समान डीए दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति सजग है और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कार्यक्रम में केंद्र से आए कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात हुई है और उनसे सार्थक चर्चा की गई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की शेष मांगों पर समिति के माध्यम से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। वहीं राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कर्मचारियों के हित में एक ऐतिहासिक कदम है। कर्मचारी संघ ने भरोसा जताया कि सरकार समय आने पर अन्य मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लेगी और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहेगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!