एमसीबी/भरतपुर। एमसीबी जिले के भरतपुर तहसील अंतर्गत राम वन गमन पथ हरचोखा में अवैध रेत उत्खनन के दौरान शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेत उत्खनन में लगे ट्रैक्टर के पलटने के बाद क्रेन का पंजा सिर पर गिरने से 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्रेन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सत्येंद्र पांडेय (23 वर्ष), पिता डीप नारायण पांडेय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की है। मृतक ट्रैक्टर के माध्यम से रेत हाइवा को निकलने के लिए सड़क निर्माण के कार्य में लगा हुआ था। अचानक ट्रैक्टर पलट गया और उसे सीधा करने के प्रयास में क्रेन का पंजा सिर पर गिरने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस शुक्रवार शाम को ही हरचोखा पहुंची थी। शनिवार सुबह मृतक के परिजन शव को उठाकर जनकपुर ले गए, जहां पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। वहीं परिजन जनकपुर थाना पहुंचकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि अवैध उत्खनन कराने वाले ठेकेदारों की लापरवाही से यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार हरचोखा क्षेत्र में पिछले कई महीनों से खुलेआम अवैध रेत उत्खनन का कारोबार फल-फूल रहा है। रोजाना दर्जनों हाइवा दिन-रात नदी से रेत का परिवहन करते देखे जा सकते हैं। अवैध उत्खनन के चलते नदी को पूरी तरह छलनी कर दिया गया है। ठेकेदारों की दहशत इतनी है कि कोई भी ग्रामीण सामने आकर विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। अब इस हादसे के बाद प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।





