धान खरीदी में अव्यवस्था के विरोध में पटना में जिला स्तरीय धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा गया ज्ञापन, भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

Chandrakant Pargir

 


पटना (कोरिया)। 23 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को हो रही गंभीर समस्याओं के विरोध में मंगलवार को धान खरीदी केंद्र पटना में कांग्रेस के नेतृत्व में जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में किसानों के हक और अधिकारों की रक्षा तथा धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया गया।



जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि वर्तमान धान खरीदी प्रक्रिया किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। टोकन अनियमितता के चलते किसानों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और समय पर टोकन नहीं मिलने से उन्हें कई दिनों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वर्ष गिरदावली में किसानों का रकबा पिछले वर्ष की तुलना में कम दर्ज किया गया है, जबकि किसानों ने अपनी पूरी भूमि पर खेती की है। कई किसानों का 2 से 3 एकड़ तक रकबा कम कर दिया गया है, जिससे वे अपनी पूरी उपज बेचने से वंचित हो रहे हैं और रकबा बढ़वाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।



धरने में यह भी आरोप लगाया गया कि शासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों में ₹31 प्रति क्विंटल एकमुश्त भुगतान की घोषणा के बावजूद किसानों को मात्र ₹23.69 प्रति क्विंटल का भुगतान किया जा रहा है। वहीं, धान तौल में निर्धारित 40.600 किलोग्राम प्रति बोरी के स्थान पर 41.200 किलोग्राम लिया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि शासन द्वारा प्रति क्विंटल ₹35 हमाली राशि निर्धारित होने के बावजूद कई केंद्रों में किसानों को अपनी जेब से हमाली करानी पड़ रही है। सर्वर डाउन और तकनीकी समस्याओं के कारण धान खरीदी की रफ्तार भी बेहद धीमी है, जिससे समय सीमा में खरीदी पूरी होने को लेकर आशंका बनी हुई है।


धरना प्रदर्शन के पश्चात महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार पटना को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी से बढ़ाकर 15 फरवरी करने, गिरदावली में सुधार, टोकन व्यवस्था दुरुस्त करने तथा किसानों को पूरा और समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

धरना प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, बिहारी राजवाड़े, विजय सिंह, भूपेंद्र यादव, गणेश राजवाड़े, कृष्णा राजवाड़े, विकाश श्रीवास्तव, धीरज सिंह, चंद्र प्रकाश राजवाड़े, रियाजउद्दीन, वसीम अधिवक्ता, सुजीत सोनी, संजोती मरकाम, चांदनी सोनी, सागर शर्मा, रामाधार टोप्पो, अनिल सिंह, वसीम, रमेश देवांगन, अज़ीमुल्ला, रामकुमार यादव, सोहन स्वामी, राजेश कुर्रे, अमित पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं किसान बंधु उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!