कोरिया। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया आज सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस महत्त्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया के दौरान कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी स्वयं सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मौके पर मौजूद रहे और लगातार 6 घंटे तक पूरे आयोजन की निगरानी की। उनकी सक्रिय उपस्थिति और नेतृत्व में यह प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरी की गई। उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
शिक्षकों की पदस्थापना के आदेश जारी
शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में स्टाफ संतुलन के लिए युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया चलाई जा रही है। आज काउंसलिंग के उपरांत जिले में विभिन्न पदों पर शिक्षकों की पदस्थापना के आदेश जारी किए गए, जिनमें शामिल हैं:
सहायक शिक्षक के 81 पदस्थापना आदेश
शिक्षक के 33 पदस्थापना आदेश
व्याख्याता के 7 पदस्थापना आदेश
43 शिक्षकों की सूची सरगुजा भेजी गई
जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता के अतिरिक्त जिले के 42 शिक्षक और 1 व्याख्याता की पदस्थापना हेतु प्रस्तावित सूची संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग सरगुजा को भेजी गई है। यह सूची संभाग स्तर से स्वीकृति के उपरांत जारी की जाएगी। इनको संभाग के अन्य जिलों में नियुक्त किया जाएगा।
संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनी रही प्रमुख विशेषता
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने व्यक्तिगत रूप से शिक्षकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। पूरी प्रक्रिया में दस्तावेज़ सत्यापन, काउंसलिंग, और आदेश वितरण जैसे सभी चरणों की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों की टीम द्वारा की गई, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित रही।
शिक्षकों में दिखा संतोष
युक्तियुक्तकरण के दौरान शिक्षकों ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया न केवल पारदर्शी रही बल्कि उनकी समस्याओं को भी सुना और समझा गया, जिससे उन्हें अपनी नई पदस्थापनाओं को लेकर संतोष हुआ।