बैकुंठपुर (कोरिया)। देश की सेवा कर चुके एक रिटायर्ड फौजी के साथ कोरिया जिले में गंभीर धोखाधड़ी और लूटपाट का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर निवासी प्रो. विनोद सिंह, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के कुडेली में भवानी इंटरप्राइजेज के नाम से रजिस्टर्ड लकड़ी व्यवसायी व जलपान गृह संचालक हैं, ने पुलिस अधीक्षक कोरिया से न्याय की गुहार लगाई है।
प्रार्थी ने बताया कि उन्होंने कुडेली में संजय हार्डवेयर के माध्यम से कुड़ेली निवासी आरोपी पति पत्नी से दुकान और मकान किराए पर लिया था, जिसमें ₹50,000 अग्रिम जमानत और ₹30,000 से अधिक मरम्मत व निर्माण में खर्च किए गए। इसके बाद उन्होंने भवानी जलपान गृह के नाम से होटल व्यवसाय प्रारंभ किया।
11 जनवरी को उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर वह तत्काल उत्तर प्रदेश लौट गए। पत्नी का इलाज बेंगलुरु में लगभग ₹12 लाख खर्च कर करवाया, लेकिन 26 अप्रैल को उनकी मृत्यु हो गई। इस दौरान भी फौजी ने ईमानदारी से हर महीने ₹2,000 किराया मकान मालिक के खाते में जमा किया। सभी भुगतान उन्होंने ऑनलाइन किया है।
जब 6 जून को वे वापस लौटे तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है, अंदर रखा सारा कीमती सामान, दस्तावेज, गैस भट्टी, बर्तन, किराना और नकदी गायब थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी पति पत्नी ने ताला तोड़कर सारा सामान उठवा लिया और मकान किसी अन्य को बेच दिया।
फौजी विनोद सिंह का आरोप है कि यह स्पष्ट रूप से डकैती की घटना है, जिसमें न केवल उनके साथ विश्वासघात किया गया, बल्कि दबंगई के बल पर उनके कारोबार और आत्मसम्मान को नुकसान पहुँचाया गया। उन्होंने कहा कि एक रिटायर्ड सैनिक होने के नाते वे हमेशा अनुशासन और कानून का पालन करते रहे हैं और अब उन्हें न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक की शरण में आना पड़ा है।
प्रमुख तथ्य:
रिटायर्ड फौजी के साथ धोखाधड़ी और लूट
₹50,000 जमानत, ₹30,000 निर्माण खर्च, ₹45,000 से अधिक व्यापार सामग्री गायब
ताला तोड़कर दुकान से सामान और दस्तावेज जबरन ले गए
मकान मालिक ने बिना सूचना दिए घर भी बेच दिया
डकैती की प्राथमिकी की मांग
कई लोगो से लगाई गुहार
देश की सेवा दे चुके रिटायर फौजी ने उसके साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी कई जनप्रतिनिधियों को दी सभी ने आश्वासन दिया कि आरोपी से पैसे दिला देंगे परंतु किसी ने भी मदद नही की। वही सूत्रों की माने तो आरोपी इतना पॉवरफुल है कि पुलिस भी मामले में अब तक कार्यवाही करने से बच रही है। यही कारण है कि पटना पुलिस आरोपी के खिलाफ अब तक मामला दर्ज नही कर पाई है जिसके बाद रिटायर फौजी को पुलिस अधीक्षक के सामने गुहार लगाना पड़ रहा है।
प्रार्थी ने पुलिस से निवेदन किया है कि उसने देश की सेवा की है, अब उम्मीद है कि मेरा देश और उसकी कानून व्यवस्था मुझे न्याय दिलाएगी।"
#रिटायर्ड_फौजी_के_साथ_धोखा
#कुडेली_डकैती
#व्यापारी_शोषण
#फौजी_मांग_न्याय
#कोरिया_पुलिस_कार्रवाई