कोरिया जिले में बदला मौसम: अचानक हुई बारिश से गेंहू की फसल को हो सकता है नुकसान

Chandrakant Pargir


 

कोरिया। जिले में मौसम ने अचानक करवट ली है। बीते कई महीनों से शुष्क मौसम के बाद 21 मार्च की तड़के सुबह 3 बजे से बारिश शुरू हो गई, जो लगातार जारी है। इस असमय बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि पककर तैयार खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है। बारिश से गेहूं के दाने काले पड़ सकते हैं, जिससे उपज की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों प्रभावित होंगे।


सितंबर 2024 के बाद पहली बार हुई बारिश


बीते सितंबर 2024 के बाद यह पहली बार है जब जिले में बारिश हुई है। पूरे ठंड के मौसम में एक भी बार बारिश नहीं हुई थी। ऐसे में अचानक आई बारिश ने किसानों को बड़ी मुश्किल में डाल दिया है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को पहले ही तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा था और अब बारिश ने भी नुकसान की आशंका बढ़ा दी है।


तापमान में भारी गिरावट, फिर लौटेगी गर्मी


गुरुवार को हुई बारिश के चलते तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस था, जो गिरकर 30 डिग्री हो गया, वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 22 मार्च को भी बारिश जारी रहेगी। हालांकि, 23 मार्च से मौसम खुलने लगेगा और 24 मार्च को पूरी तरह साफ हो जाएगा।

इसके बाद गर्मी एक बार फिर तेजी से बढ़ेगी। 26 मार्च तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे फिर से भीषण गर्मी का दौर शुरू हो सकता है।


मौसम का असर बाकी फसलों पर भी संभव


विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश गेहूं के अलावा अन्य फसलों को भी प्रभावित कर सकती है। अगर लगातार नमी बनी रही, तो फसलों में रोग फैलने की संभावना भी बढ़ जाएगी।

मौसम विभाग और कृषि विशेषज्ञ किसानों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। अगले कुछ दिनों में मौसम के बदलते मिजाज पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!