बैकुंठपुर। भारतीय जनता पार्टी कोरिया जिला कार्यकारिणी की घोषणा में संगठन के एक कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ता शारदा प्रसाद गुप्ता को जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। यह घोषणा भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार की। शारदा गुप्ता को यह जिम्मेदारी उनके वर्षों के संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए सौंपी गई है।
नवमंत्री बनने की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सौम्य, मिलनसार और मधुर भाषी व्यक्तित्व के धनी शारदा गुप्ता युवाओं में बेहद लोकप्रिय हैं और वरिष्ठों के भी प्रिय माने जाते हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले गुप्ता संघ में प्रथम वर्ष के प्रशिक्षित स्वयंसेवक हैं। उनकी शिक्षा भोपाल स्थित शारदा विहार आवासीय विद्यालय में हुई, जहाँ उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और नेतृत्व कौशल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्र जीवन से ही संघर्षशील रहे शारदा गुप्ता ने बैकुंठपुर महाविद्यालय में पढ़ाई के दौरान छात्र संघर्ष समिति बनाकर छात्रों के अधिकारों की आवाज उठाई।
वर्ष 2008 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें जिला सहसंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद वे भाजपा युवा मोर्चा में जिला कार्यालय मंत्री, जिला प्रशिक्षण प्रमुख, जिला महामंत्री जैसे दायित्वों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। साथ ही कोरबा लोकसभा सोशल मीडिया संयोजक के रूप में भी कार्य किया।
राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ वे छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज कोरिया के जिलाध्यक्ष हैं और स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक के रूप में भी सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
भाजपा के बूथ स्तर से शुरू होकर जिला नेतृत्व तक का सफर तय करने वाले शारदा गुप्ता ने नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय और जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा, "मैं पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ संगठन के प्रति अपना योगदान दूंगा और सभी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।"
#BJP
#ShardaGupta
#KoriyaPolitics
#ZilaMantri
#ChhattisgarhNews
#PoliticalUpdate