बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के कोरिया जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधि मंडल जिला अध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में राज्यपाल से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने जिले के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बैकुंठपुर शहर के मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण, एम्स अस्पताल की स्थापना तथा विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) खोले जाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा बल्कि युवाओं को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और जिले के विकास के लिए सकारात्मक रुख जताया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस मौके पर जिला मंत्री एवं चेम्बर ऑफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े तथा मंडल अध्यक्ष अनिल खटिक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

