एमसीबी। जिले के भरतपुर तहसील के जनकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरचोका में रेत खदान के लिए बनाई जा रही कच्ची सड़क पर हुए दर्दनाक हादसे के मामले में खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। इनसाइड स्टोरी ने मामला प्रमुखता से सामने आने के बाद पुलिस ने पोकलेन मशीन चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सड़क निर्माण कार्य ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा था, जहां भारी मशीनरी के असुरक्षित और लापरवाहीपूर्वक संचालन के चलते किसान सतेन्द्र पाण्डेय की जान चली गई।
घटना 30 जनवरी की शाम की है, जब सतेन्द्र पाण्डेय ट्रैक्टर-ट्रॉली से मुरुम ढुलाई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान मवई नदी के किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली को सीधा कराने के लिए मौके पर मौजूद पोकलेन मशीन की मदद ली गई, लेकिन चालक महेन्द्र पटेल द्वारा मशीन लापरवाही से चलाने के कारण ट्रॉली मृतक के ऊपर पलट गई। गंभीर रूप से घायल सतेन्द्र को पहले हरचोका अस्पताल और फिर जनकपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही थी, लेकिन तथ्यों, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पोकलेन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी जिम्मेदार पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शनिवार शाम करीब 4 बजे आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया। शव मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अवैध रेत खनन, बिना सुरक्षा मानकों के सड़क निर्माण और भारी मशीनों के संचालन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो एक जान बचाई जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में जांच के बाद और भी नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।



