भाजपा के बाद अब कांग्रेस में भी अध्यक्ष पद की सरगर्मी, कई नामों की चर्चा तेज, लल्ला यादव, अशोक जायसवाल और आशीष डवरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें, टिकट को लेकर बढ़ी हलचल

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। (कोरिया) बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद के आगामी अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भाजपा के बाद अब कांग्रेस में भी संभावित दावेदारों के नाम चर्चा में आने लगे हैं। हालांकि राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस के पास इस बार मजबूत और सर्वमान्य चेहरों की संख्या सीमित दिखाई दे रही है, लेकिन इसके बावजूद कई नेता अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हुए हैं।

कांग्रेस की ओर से सबसे प्रमुख दावेदार के रूप में वर्तमान नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष आशीष यादव (लल्ला) का नाम सामने आ रहा है। स्थानीय राजनीति में सक्रिय लल्ला यादव ने विकास कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाने का प्रयास किया है। उनके समर्थकों का कहना है कि उन्होंने अपने वार्ड में दो आकर्षक चौराहों का निर्माण कराकर विकास की सोच और शहर को बेहतर स्वरूप देने की मंशा का परिचय दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने आगामी चुनाव के लिए अध्यक्ष पद की दावेदारी भी स्पष्ट रूप से रख दी है।


वहीं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल का नाम भी प्रमुख दावेदारों में लिया जा रहा है। हालांकि उनके करीबी नेताओं का कहना है कि अशोक जायसवाल की प्राथमिकता नगर पालिका नहीं बल्कि भविष्य में विधानसभा चुनाव की तैयारी है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि यदि कांग्रेस उनकी पत्नी को अध्यक्ष पद का टिकट देती है, तो अशोक जायसवाल की संभावित विधानसभा दावेदारी पर सवाल खड़े हो सकते हैं। यही वजह मानी जा रही है कि उन्होंने अभी तक अपने राजनीतिक पत्ते पूरी तरह नहीं खोले हैं।


दूसरी ओर कांग्रेस के युवा नेता आशीष डवरे भी अध्यक्ष पद की दौड़ में सक्रिय बताए जा रहे हैं। पिछले नगर पालिका चुनाव में उन्होंने अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर खुलकर मोर्चा खोला था। बाद में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के हस्तक्षेप और समझाइश के बाद मामला शांत हुआ था। इस बार भी उनके समर्थक उन्हें कांग्रेस का मजबूत युवा चेहरा मानते हुए टिकट की मांग कर रहे हैं।

नगर पालिका चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, कांग्रेस के भीतर अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। फिलहाल पार्टी नेतृत्व की ओर से किसी भी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन संभावित दावेदारों की सक्रियता से यह स्पष्ट है कि टिकट की दौड़ इस बार भी काफी रोचक रहने वाली है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!